जमुआ: जमुआ प्रखंड अंतर्गत भण्डारो स्थित एसबीएमके उच्च विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन विधायक मंजु कुमारी ने किया। उद्घाटन के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय लोग एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
इस दौरान विधायक मंजु कुमारी ने कहा कि विद्यालय के नवनिर्मित भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मजबूत आधारभूत संरचना का होना बेहद जरूरी है। विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलता है।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यालय के नवनिर्मित भवन के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में निरंतर प्रयास करने की अपील की। साथ ही सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
