मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारखंड में दो दिवसीय राजकीय शोक, 7 सितंबर को सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद

Share This News

रांची: झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर राज्य सरकार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मंत्री के निधन को लेकर झारखंड सरकार की ओर से 6 और 7 सितंबर 2026 को दो दिवसीय राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया गया है।

इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी की ओर से 6 सितंबर को आदेश जारी किया गया है। आदेश में राज्य के सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है।

सरकारी आदेश के अनुसार, राजकीय शोक की अवधि के दौरान राज्य में जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इसके अलावा इस अवधि में किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह के आयोजन पर रोक रहेगी।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि राज्य सरकार के सभी कार्यालय 7 सितंबर 2026 को बंद रहेंगे। वहीं, राजकीय शोक के दौरान किसी भी प्रकार के मनोरंजन अथवा उत्सव संबंधी सरकारी कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड के राजनीतिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र में शोक की लहर है। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में राजकीय शोक घोषित करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि और सम्मान प्रकट किया है।

Related Post