राजद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर जताया विरोध, जमकर हुई नारेबाजी…

चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर राजद का प्रदर्शन, टावर चौक पर पुतला दहन

Abhimanyu Kumar
4 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवालों के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की गिरिडीह जिला कमेटी ने शनिवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।

Advertisement

प्रदर्शन की शुरुआत झंडा मैदान से हुई। पार्टी कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर पैदल मार्च करते हुए टावर चौक पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

 

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े नारे लगाए। राजद नेताओं ने मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।

 

जिला अध्यक्ष मोहम्मद इरफान आलम ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सामने आ रहे सवाल गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित किए जाने की मांग की।

युवा राजद जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नौजवान लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर जागरूक हो रहे हैं।

प्रदेश सचिव गयासुद्दीन अंसारी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियाद है। जिला महासचिव बलदेव नायक ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

राजद के प्रदेश महासचिव शत्रुघ्न यादव ने कहा कि लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर जनता के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।

निर्वाचन आयोग की ओर से क्या कहा गया

गौरतलब है कि हाल के दिनों में निर्वाचन आयोग के कामकाज और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर बहस तेज हुई है। द इंडियन एक्सप्रेस की 25 सितंबर की रिपोर्ट में निर्वाचन आयुक्तों एस.एस. संधू और विवेक जोशी द्वारा पिछले 10 महीनों में आयोग के कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर कई बार आपत्ति दर्ज किए जाने की बात कही गई थी।

 

वहीं, निर्वाचन आयोग ने इन रिपोर्टों के बाद कहा था कि आयोग के अंतिम फैसले सर्वसम्मति से लिए जाते हैं और बहु-सदस्यीय संवैधानिक संस्था में अलग-अलग विचार, सुझाव और आपत्तियां आंतरिक विचार-विमर्श का हिस्सा हो सकती हैं।

 

प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष दशरथ यादव, जिला सचिव कामरान वारिस अंसारी, महासचिव रामेश्वर प्रसाद यादव, युवा जिला कोषाध्यक्ष राजेश यादव, युवा जिला सचिव किसुन यादव, जिला सचिव नेक वारिश, जिला उपाध्यक्ष सदानंद तुरी, सुरेंद्र यादव, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रवि यादव, शिवम कुमार, तेजस, कमल हसन, अरबाज, अरमान, अरशद, तौसीफ, इमरान, तनवीर, इरफान, सागर कुमार और सुरेश यादव सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page