सामाजिक कार्यकर्ता ब्यूटी मंडल की पहल रंग लाई, छह महीने से खराब सोलर जलमीनार दुरुस्त

Share This News

बोकारो/कुमारदागा: चास प्रखंड के कुमारदागा गांव में पिछले करीब छह महीने से खराब पड़ी सोलर जलमीनार और चापाकल को आखिरकार दुरुस्त कर दिया गया है। पेयजल संकट को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता ब्यूटी मंडल द्वारा लगातार आवाज उठाने और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने के बाद संबंधित विभाग ने कार्रवाई करते हुए जलापूर्ति व्यवस्था बहाल कर दी।

जानकारी के अनुसार, कुमारदागा गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के सामने लगी सोलर जलमीनार पिछले छह महीने से खराब थी। जलमीनार के बंद रहने के कारण गांव के करीब 300 परिवारों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी की व्यवस्था करने में काफी दिक्कतें हो रही थीं।

ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता ब्यूटी मंडल ने इस मामले को लगातार उठाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, बोकारो उपायुक्त सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मामले से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की।

मामले के सामने आने के बाद बोकारो जिला प्रशासन और जनसंपर्क विभाग ने संज्ञान लिया। संबंधित विभाग के तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सोलर जलमीनार और चापाकल की मरम्मत कराई गई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि दोनों को दुरुस्त कर पेयजलापूर्ति बहाल कर दी गई है।

जलापूर्ति शुरू होने के बाद कुमारदागा के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया। साथ ही, लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता ब्यूटी मंडल के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।