गिरिडीह: दुर्गा पूजा का त्योहार नजदीक है और शहर के प्रमुख इलाकों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने वाली है। ऐसे में बड़ा चौक के पास स्थित एक कुएं की टूटी घेराबंदी लोगों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुएं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
लोगों का आरोप है कि पूर्व में नाली में बच्चे के डूबने जैसी घटना सामने आने के बावजूद नगर निगम द्वारा शहर के खुले नालों और क्षतिग्रस्त स्लैब को लेकर पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। बड़ा चौक के पास कुएं की घेराबंदी टूटने से यहां दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए कुएं की मजबूत घेराबंदी कराई जाए, ताकि पूजा के दौरान आने-जाने वाले लोगों, खासकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इसके साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में टूटे नाली स्लैब की मरम्मत कराने और जहां-जहां नालियां खुली हैं, वहां उन्हें ढकने की व्यवस्था करने की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि त्योहार से पहले नगर निगम को ऐसे सभी संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर जरूरी मरम्मत कार्य पूरा कराना चाहिए, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
