गिरिडीह: नगर थाना क्षेत्र के गांधी चौक स्थित एक पुश्तैनी मकान में आधी रात को 75 वर्षीय बुजुर्ग मनजीत सिंह बग्गा पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
आरोप है कि झामुमो समर्थित भू-माफिया धर्मेंद्र शर्मा और उनके सहयोगी सुधीर शर्मा ने रात करीब 12 बजे घर में घुसकर लोहे की रॉड से बुजुर्ग पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनजीत सिंह बग्गा का इलाज गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह विधानसभा के भाजपा नेता सुरेश साव मर्सी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित बुजुर्ग और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना तथा उचित न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
‘न्यायालय में मामला लंबित, फिर भी कानून हाथ में लिया’
अस्पताल में पीड़ित परिवार से मिलने के बाद भाजपा नेता सुरेश साव ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि आधी रात को एक बुजुर्ग के घर में घुसकर जानलेवा हमला करना बेहद गंभीर और निंदनीय अपराध है। जब संबंधित संपत्ति का विवाद पहले से ही न्यायालय में लंबित है, तो किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं मिलनी चाहिए। पुलिस प्रशासन को ऐसे मामलों में बिना किसी दबाव के तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए।
झामुमो सरकार पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप
सुरेश साव ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गिरिडीह हमेशा से एक शांत शहर रहा है, लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा के संरक्षण में फल-फूल रहे भू-माफिया इसे लगातार अशांत करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सरकार बनने के बाद से ही झामुमो से जुड़े असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ गया है। कहीं भी जमीन या मकान का विवाद सामने आते ही दबंगई और गुंडागर्दी के जरिए आम नागरिकों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
सुरेश साव ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और शहर में कानून-व्यवस्था कायम रह सके।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।