धनवार: धनवार थाना क्षेत्र के परसन गांव निवासी उपेंद्र कुमार वर्मा पर अज्ञात लोगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 25 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:40 बजे परसन पुल के पास की बताई जा रही है। हमले में उपेंद्र कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने हमलावरों पर मारपीट करने और जेब से 6,500 रुपये छीनने का आरोप लगाया है।
रिश्तेदार को लेकर जा रहे थे झारखंडधाम
मिली जानकारी के अनुसार, उपेंद्र कुमार वर्मा कोडाडीह से अपने एक रिश्तेदार को लेकर सिमानी (झारखंड धाम) जा रहे थे। इसी दौरान परसन पुल के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उपेंद्र के मुताबिक, हमलावर दो वाहनों पर सवार थे। इनमें बुलेट मोटरसाइकिल संख्या JH 11AN 5084 पर तीन लोग और चारपहिया वाहन संख्या JH 11AH 9978 में छह से सात लोग सवार थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर नशे की हालत में थे।
माथे पर गंभीर चोट, कान से हुआ रक्तस्राव
हमले के दौरान उपेंद्र कुमार वर्मा के माथे पर गंभीर चोट आई, जिसके कारण उन्हें चार टांके लगाए गए। उनके कान से भी खून निकलने लगा। घटना के बाद उन्हें धनवार रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने बेहतर जांच और इलाज के लिए उन्हें सीटी स्कैन तथा कान का उपचार कराने हेतु रेफर कर दिया।
वाहनों की तस्वीर लेने पर मोबाइल छीनने की कोशिश
उपेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि उन्होंने किसी तरह अपने मोबाइल फोन से दोनों वाहनों की तस्वीर खींच ली थी। आरोप है कि इसकी भनक लगने पर हमलावरों ने उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की। हालांकि, उपेंद्र किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
थाने में दी सूचना, हमले के कारणों का पता नहीं
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने घटना की सूचना उसी रात परसन ओपी पुलिस को दे दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। ऐसे में उन पर हमला क्यों किया गया, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। उपेंद्र का कहना है कि जिस बेरहमी से उन पर हमला किया गया, उससे उनकी जान को भी खतरा हो सकता था।