गिरिडीह में देर रात दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण, डीसी और एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा…

विद्युत सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश...

Abhimanyu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह। दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।

इसी क्रम में शुक्रवार देर रात उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने गिरिडीह शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों की ओर से की गई तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पंडालों में बिजली, रोशनी, अग्नि सुरक्षा, श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों और पूजा समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

डीसी और एसपी ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

प्रशासन ने पूजा समितियों से समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न पूजा पंडालों में माता रानी के दर्शन कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, एसडीपीओ सदर, सीओ गिरिडीह समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *