गिरिडीह में दुर्गा पूजा को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 13 जगहों पर रूट डायवर्जन और 7 पार्किंग स्थल तय; 15 से 21 अक्टूबर तक बड़े वाहनों पर प्रतिबंध…

दुर्गा पूजा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ट्रैफिक प्लान जारी; घर से निकलने से पहले जान लें रास्तों के नियम।

Abhimanyu Kumar
4 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह। दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर चर्चा की गई।

प्रशासन ने शहर में 13 स्थानों पर रूट डायवर्जन, वन-वे और बैरिकेडिंग की व्यवस्था निर्धारित की है। साथ ही, वाहन चालकों की सुविधा के लिए सात पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। त्योहारों के दौरान शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर भी समय के अनुसार प्रतिबंध रहेगा।

पूजा पंडालों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम

प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन यंत्र रखने और भीड़ के हिसाब से सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार बनाने पर जोर दिया गया है। इसके अलावा, महिला और पुरुष वॉलंटियर्स की तैनाती तथा जरूरत पड़ने पर कंट्रोल रूम की व्यवस्था करने को कहा गया है।

शहर के 13 स्थानों पर बदलेगी यातायात व्यवस्था

दुर्गा पूजा के दौरान जाम से बचने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर वन-वे, बैरिकेडिंग और प्रवेश निषेध लागू रहेगा।

इनमें मोबाइल गली, टावर चौक, टावर चौक से मधुबन मार्ग, मकतपुर चौक से बजरंग चौक, काली बाड़ी से मकतपुर चौक, पदम चौक, बजरंग चौक से बीबीसी चौक, मछली पट्टी से बस स्टैंड, गांधी चौक से बड़ा चौक, बभनटोली, बरमसिया चौक, वीर कुंवर सिंह चौक के आगे और तिरंगा चौक शामिल हैं।

इन मार्गों पर कुछ दिशाओं से वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वाहन चालकों को प्रशासन और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना होगा।

शहर में बनाए गए सात पार्किंग स्थल

प्रशासन ने वाहनों की पार्किंग के लिए सात स्थान निर्धारित किए हैं।

1. बस स्टैंड (टेंपो स्टैंड)

2. अंटा बंगला मैदान

3. अपकारी मैदान, बरमसिया

4. झंडा मैदान

5. ओल्ड बस स्टैंड, कोलडीहा

6. सर्कस मैदान

7. पुराना जेल परिसर

वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। स्टेशन रोड क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा बढ़ाने के लिए अंटा बंगला मैदान को लेकर रेलवे के डीआरएम से भी बातचीत की जा रही है।

इन तारीखों और समय में बड़े वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध

दुर्गा पूजा के दौरान गिरिडीह शहर में बड़े वाहनों के परिचालन पर समय के अनुसार रोक लगाई गई है।

15 से 17 अक्टूबर 2026: सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक बड़े वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

18 से 21 अक्टूबर 2026: सुबह 9 बजे से रात 2 बजे तक बड़े वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन ने लोगों से की सहयोग की अपील

अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने श्रद्धालुओं, पूजा समितियों और वाहन चालकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा, शांति और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, विभिन्न थानों के प्रभारी, नगर निगम के अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *