गिरिडीह। जिले के जमुआ प्रखंड अंतर्गत धर्मपुर पंचायत के धर्मपुर गांव में बिजली आपूर्ति की स्थिति इन दिनों काफी दयनीय बनी हुई है। पिछले 24 घंटे से बिजली की समस्या के कारण ग्रामीण परेशान हैं। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के नहाय-खाय के दिन भी बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छठ पर्व को लेकर घरों में साफ-सफाई, बर्तनों की धुलाई और अन्य जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। ऐसे में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की समस्या की जानकारी संबंधित कर्मचारियों और ऑपरेटर को फोन के माध्यम से दी गई, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि कर्मचारी जल्द बिजली ठीक करने का आश्वासन देते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं होती।
जर्जर तार और पोल से आए दिन होती है समस्या
ग्रामीणों के अनुसार गांव में बिजली के मुख्य तार और पोल काफी जर्जर स्थिति में हैं। जगह-जगह जोड़कर लगाए गए तारों में कटने और पिघलने की समस्या बनी रहती है, जिसके कारण आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होती है। ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या की ओर विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
बिजली सुधार के नाम पर पैसे लेने का आरोप
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि जब भी गांव में बिजली खराब होती है, तो उन्हें ऑपरेटर को फोन करना पड़ता है। उनका दावा है कि बिजली की समस्या ठीक करने के नाम पर ऑपरेटर द्वारा पैसे लिए जाते हैं। इससे गांव के गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस मामले की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि धर्मपुर गांव में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल की जाए, जर्जर तारों और पोल को बदला जाए तथा बिजली सुधार के नाम पर कथित रूप से पैसे लेने के मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि छठ महापर्व के दौरान लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।