मुख्यमंत्री को आवेदन देने के बाद भी नहीं मिला मुआवजा, सांप के काटने से महिला की मौत के बाद तीन मासूम बच्चों के पालन-पोषण का संकट

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले से एक मार्मिक मामला सामने आया है, जहां सर्पदंश से एक महिला की मौत के बाद उसका परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। पत्नी की मौत के बाद तीन छोटे बच्चों की जिम्मेदारी अकेले संभाल रहे पति ने अब मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि आवेदन देने के बावजूद अब तक परिवार को किसी तरह का मुआवजा या आर्थिक सहायता नहीं मिली है।

मामला जरीडीह प्रखंड के सुंदरो गांव का है। यहां के निवासी सुधीर प्रसाद हांसदा की पत्नी स्व. सिथोनी कुमारी मुर्मू की 9 जुलाई 2026 को सांप के काटने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें पांच वर्ष की एक बेटी और महज पांच महीने के दो जुड़वां बेटे शामिल हैं।

झामुमो महिला मोर्चा में कोषाध्यक्ष थीं सिथोनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिथोनी कुमारी मुर्मू झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सक्रिय कार्यकर्ता थीं। वह जरीडीह प्रखंड में झामुमो महिला मोर्चा की कोषाध्यक्ष के पद पर भी कार्यरत थीं। परिवार का कहना है कि उनकी मौत के बाद कई महीने बीत जाने के बावजूद अब तक पार्टी, प्रशासन या सरकार की ओर से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है।

तीन मासूम बच्चों के भविष्य की चिंता

पत्नी की मौत के बाद सुधीर प्रसाद हांसदा के सामने तीनों बच्चों के पालन-पोषण की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। मां के साये से वंचित पांच महीने के जुड़वां बच्चों और पांच साल की बेटी की देखभाल करना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया है।

पीड़ित सुधीर प्रसाद हांसदा ने मुख्यमंत्री को आवेदन देकर आपदा विभाग के माध्यम से निर्धारित मुआवजा राशि दिलाने की मांग की है। उन्होंने सरकार से भावुक अपील करते हुए कहा है कि आर्थिक सहायता मिलने से बच्चों के खान-पान, देखभाल और बेहतर भविष्य की व्यवस्था करने में मदद मिलेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *