बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जिला प्रशासन ने निकाली साइकिलिंग रैली, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Share This News

गिरिडीह: भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर शुक्रवार को गिरिडीह जिला प्रशासन की ओर से साइकिलिंग रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत झंडा मैदान से हुई, जो उसरी वाटरफॉल तक पहुंची। इस दौरान जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार एवं पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने किया। रैली के माध्यम से लोगों को दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने तथा प्रदूषण कम करने के लिए पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने तथा समाज के उत्थान के लिए प्रेरित करता है। उनके आदर्शों को अपनाते हुए पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के कार्यों में सभी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।

वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया। पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने वन एवं प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।

इस आयोजन के माध्यम से जिला प्रशासन ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, प्रकृति से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उसरी वाटरफॉल तक आयोजित इस साइकिलिंग कार्यक्रम ने झारखंड की प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का महत्व भी उजागर किया।