गिरिडीह: दीपावली के पावन पर्व पर वेव इंटरनेशनल स्कूल, टटकरी सियाटांड़ ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए जरूरतमंद परिवारों और बच्चों के बीच खुशियां बांटीं। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित इस विशेष पहल के तहत जरूरतमंद लोगों को कपड़े, मिठाइयां, कॉपियां, पेंसिल समेत अन्य आवश्यक सामग्रियां वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा करना था।
इस सामाजिक कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. कृष्ण कुमार सिंह और प्राचार्य डॉ. अभिषेक कुमार पांडेय समेत विद्यालय के अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर जरूरतमंद परिवारों एवं बच्चों के बीच सामग्री का वितरण किया और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
इस मौके पर विद्यालय के निदेशक डॉ. कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि दीपावली सिर्फ दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी संदेश देता है। समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि त्योहारों की असली खुशी तभी है, जब समाज का हर वर्ग इसमें शामिल हो सके।
वहीं, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अभिषेक कुमार पांडेय ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक भी बनें।
विद्यालय की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों के बीच दीपावली की खुशियां देखने को मिलीं। इस आयोजन के माध्यम से वेव इंटरनेशनल स्कूल परिवार ने समाज को प्रेम, सहयोग, समानता और मानवता का संदेश दिया।