गिरिडीह। जिला प्रशासन द्वारा छात्रावासों में रह रही छात्राओं की उपस्थिति और पहचान सत्यापन को लेकर विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री रामनिवास यादव के निर्देश पर गठित समिति ने मंगलवार को सर जे.सी. बोस विद्यालय छात्रावास एवं अनुसूचित जनजाति बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान समिति ने छात्रावासों में नामांकित छात्राओं की उपस्थिति, अभिलेखों एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि दोनों छात्रावासों में कुल 218 छात्राओं का नामांकन दर्ज है, जबकि मौके पर केवल 70 छात्राएं ही उपस्थित मिलीं। वहीं 130 से अधिक छात्राएं बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाई गईं।
बड़ी संख्या में छात्राओं की अनुपस्थिति को गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन ने विस्तृत सत्यापन प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्रावासों में वास्तविक रूप से निवासरत एवं अध्ययनरत छात्राओं को ही सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
समिति ने सभी अनुपस्थित छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द संबंधित छात्रावास में उपस्थित होकर पहचान सत्यापन कराएं। निर्धारित समय सीमा के भीतर सत्यापन नहीं कराने पर विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने कहा है कि छात्रावासों के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा अनियमितताओं पर नियंत्रण के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही छात्राओं एवं अभिभावकों से सहयोग की भी अपील की गई है।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।