गिरिडीह। जिले में 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के करीब 4 लाख 91 हजार बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में कुल 2,337 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर 4,793 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जबकि अभियान की निगरानी के लिए 453 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 45 ट्रांजिट दल और 9 मोबाइल दल भी गठित किए गए हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के लिए जिले में 210 सब-डीपो तैयार किए हैं तथा कुल 6 लाख 21 हजार 180 डोज बीओपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। सभी पोलियो बूथों पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बच्चों को निःशुल्क पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और पोलियो की दो बूंद दवा जरूर पिलवाएं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान यदि कोई बच्चा बूथ तक नहीं पहुंच पाता है तो स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर भी उसे पोलियो की खुराक पिलाएंगे।

अधिकारियों ने कहा कि पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी लोगों से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की गई है।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।