झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी “मंईयां सम्मान योजना” को लेकर राज्य की महिलाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। योजना से जुड़ी लाखों लाभुक महिलाओं को इस बार एक साथ 5000 रुपये मिलने की संभावना जताई जा रही है। सरकार की ओर से चालू वित्तीय वर्ष के लिए योजना के संचालन हेतु 8 हजार करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा यह बजट जारी किया गया है, जिससे योजना के नियमित संचालन का रास्ता साफ हो गया है।

दरअसल, झारखंड सरकार द्वारा संचालित मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और घरेलू जरूरतों में सहयोग देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अप्रैल और मई महीने की किस्त एक साथ लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा सकती है। ऐसे में महिलाओं को एकमुश्त 5000 रुपये मिलने की संभावना है। लंबे समय से अगली किस्त का इंतजार कर रही महिलाओं के बीच इस खबर को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
हालांकि, राशि ट्रांसफर करने से पहले राज्य सरकार द्वारा लाभुकों का सत्यापन कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। डीबीटी यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर प्रक्रिया के तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजना का लाभ केवल पात्र महिलाओं तक ही पहुंचे। इसी उद्देश्य से सभी जिलों में लाभुक महिलाओं के दस्तावेज और बैंक खातों का सत्यापन किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मार्च महीने में आखिरी बार योजना की राशि महिलाओं के खातों में भेजी गई थी। इसके बाद अप्रैल और मई महीने की किस्त लंबित थी। अब दोनों महीनों की राशि एक साथ भेजे जाने की संभावना से लाभुक महिलाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार की इस योजना का लाभ राज्य की लाखों महिलाएं उठा रही हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाएं इससे सीधे तौर पर जुड़ी हुई हैं। आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में काफी मदद मिल रही है।
फिलहाल लाभुक महिलाओं की नजर सरकार की अगली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है। यदि अप्रैल और मई की किस्त एक साथ जारी होती है, तो यह राज्य की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।