भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत गिरिडीह जिले में मतदाता सूची के अद्यतन, शुद्धिकरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं अभियान की निगरानी कर रहे हैं ताकि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जा सकें।

शनिवार को उपायुक्त ने बेंगाबाद प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का डोर-टू-डोर निरीक्षण कर गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद किया, गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया का अवलोकन किया और स्वयं भी प्रपत्र भरकर पूरी प्रक्रिया को समझा। उन्होंने संबंधित बीएलओ (BLO) और बीएलओ सुपरवाइजरों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शनिवार शाम तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रपत्र का डिजिटाइजेशन पूरी सावधानी और निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से भी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक समय पर गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।