गिरिडीह जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित बाबा झारखंड धाम में सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही विभिन्न जिलों एवं दूर-दराज़ के क्षेत्रों से श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए धाम पहुंचते रहे।

मंदिर परिसर और प्रवेश मार्गों पर श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा धाम भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर रहे थे।

मान्यता है कि सावन माह में बाबा झारखंड धाम में पूरे महीने इसी तरह श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। पहली सोमवारी को मिली भारी भीड़ को देखते हुए आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हालांकि, मंदिर जाने वाले कुछ मार्गों पर गंदगी भी देखने को मिली, जिससे श्रद्धालुओं को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा।
श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ से सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।