तीन माह में ही उजड़ गया राखी का सुहाग, संदिग्ध मौत के बाद सड़क जाम, पति की गिरफ्तारी पर अड़े मायके वाले….

“तीन महीने की शादी, संदिग्ध मौत और इंसाफ की मांग... पति की गिरफ्तारी पर अड़े मायके वाले”

Abhimanyu Kumar
5 Min Read
Highlights
  • धनवार के हरिनमरवा गांव में 20 वर्षीय नवविवाहिता राखी कुमारी की संदिग्ध मौत।
  • शादी के करीब तीन माह बाद हुई मौत से मायके में मचा कोहराम।
  • मौत से कुछ घंटे पहले चाची से फोन पर हुई थी बातचीत।
  • चाची के अनुसार राखी ने डर लगने और ससुराल में सबकुछ ठीक नहीं होने की बात कही थी।
  • मृतका की शादी इसी वर्ष अप्रैल में बबलू यादव से हुई थी।
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

राजधनवार/खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। धनवार थाना क्षेत्र के गिरिडीह पंचायत अंतर्गत हरिनमरवा गांव में 20 वर्षीय नवविवाहिता राखी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शाली बदडीहा (रेम्बा) निवासी सुखदेव यादव की पुत्री के रूप में हुई है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। मामले में मृतका की सास मुद्रिका देवी की गिरफ्तारी की जानकारी पुलिस की ओर से दी गई है, जबकि मायके वाले पति बबलू यादव की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, राखी कुमारी की शादी इसी वर्ष अप्रैल माह में हरिनमरवा गांव निवासी बबलू यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी को अभी करीब तीन माह ही हुए थे। परिजनों का कहना है कि बड़े अरमानों के साथ बेटी की शादी की गई थी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर ने पूरे मायके परिवार को झकझोर दिया।

मृतका की चाची के अनुसार, घटना वाले दिन बुधवार शाम करीब चार बजे राखी से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान राखी घबराई हुई थी और उसने ससुराल में सबकुछ ठीक नहीं होने तथा डर लगने की बात कही थी। इसके बाद रात करीब नौ बजे जब परिजनों ने दोबारा उसके मोबाइल पर फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे परिवार के लोग चिंतित हो गए और रातभर किसी अनहोनी की आशंका में परेशान रहे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग हरिनमरवा पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि राखी की मौत को लेकर उन्हें कई सवालों के जवाब नहीं मिल रहे हैं। उनका कहना है कि मामले में मृतका के पति समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए।

पांच घंटे की मोहलत के बाद सड़क जाम

मृतका के परिजनों ने बताया कि सुबह पुलिस-प्रशासन से बातचीत के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच घंटे का समय दिया गया था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि जब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वे शव को लेकर समझौता नहीं करेंगे।

पांच घंटे बीत जाने के बाद भी पति बबलू यादव की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजन और ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और खोरीमहुआ-सरिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।

सास मुद्रिका देवी की गिरफ्तारी पर भी उठे सवाल

इसी दौरान पुलिस की ओर से परिजनों को बताया गया कि मृतका की सास मुद्रिका देवी की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस पर परिजनों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सुबह आठ दिन का समय मांगे जाने की बात कही गई थी, तो अचानक मुद्रिका देवी की गिरफ्तारी कैसे हो गई। परिजनों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग पति बबलू यादव की गिरफ्तारी है।

मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया जा रहा है। इसी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।

थाना प्रभारी के रवैये पर भी जताई नाराजगी

धरना दे रहे परिजनों ने धनवार थाना प्रभारी के कथित रवैये पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कई घंटों तक सड़क पर लोग बैठे रहे, लेकिन कोई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। परिजनों ने धनवार थाना प्रभारी के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के साथ संवेदनशीलता से बातचीत की जानी चाहिए।

परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक राखी के पति बबलू यादव की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे। फिलहाल सड़क जाम को लेकर मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर डटे हुए हैं।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page