गिरिडीह में कृषि और पशुपालन योजनाओं को लेकर डीसी सख्त, योग्य लाभुकों तक लाभ पहुंचाने का निर्देश

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह:  गिरिडीह जिले में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और ग्रामीण परिवारों की आजीविका को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं में तेजी लाने को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्य, वित्तीय व्यय और लाभुकों को मिल रहे लाभ की स्थिति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे धरातल पर पात्र लाभुकों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सहित किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों के हित में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा।

पशुधन विकास योजना में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी योग्य लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। कहा कि पशुधन का संरक्षण, पशुपालकों की आर्थिक स्थिति में सुधार और पशुजनित बीमारियों की रोकथाम विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

किसानों को आधुनिक खेती के प्रति करें जागरूक

कृषि विभाग और आत्मा के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक खेती की पद्धतियों से अवगत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों के बीच प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रभावी तरीके से चलाए जाएं, ताकि वे नई तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन और अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

उपायुक्त ने अधिकारियों से यह भी कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

लंबित आवेदनों का समय पर करें निष्पादन

सहकारिता, गव्य विकास, मत्स्य पालन और भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पात्र लाभुकों का चयन करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने और विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *