नई दिल्ली/गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के युवा मो. वसीम अंसारी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपने जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। दिल्ली के ऐतिहासिक मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 23 अक्टूबर को आयोजित ‘राष्ट्रीय क्रिकेट लीग’ (RCL) में उन्होंने लगातार दूसरी बार ब्रांड एम्बेसडर के रूप में शिरकत की। क्रिकेट के रोमांच और सामाजिक सरोकार के इस अनूठे संगम में वसीम अंसारी की मौजूदगी गिरिडीह के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।

लगातार दूसरे साल ब्रांड एम्बेसडर बनने का गौरव
मो. वसीम अंसारी को इस प्रतिष्ठित लीग का हिस्सा बनने का विशेष निमंत्रण आरसीएल के संस्थापक अरविंद कुमार की ओर से मिला था। इससे पहले वर्ष 2025 में भी वसीम आरसीएल के ब्रांड एम्बेसडर रह चुके हैं। उनके समर्पण और खेल के प्रति जुनून को देखते हुए 2026 में उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई।

हर 10 रन पर 100 लोगों को भोजन: ‘हंगर फ्री भारत मिशन’ की अनूठी पहल
राष्ट्रीय क्रिकेट लीग केवल चौकों और छक्कों का खेल नहीं, बल्कि एक नेक सामाजिक उद्देश्य से जुड़ी मुहिम है। इस लीग को ‘हंगर फ्री भारत मिशन’ से जोड़ा गया है, जिसका संकल्प देश के जरूरतमंद लोगों तक पौष्टिक भोजन पहुंचाना है। इस पहल के तहत मैदान पर बनने वाले हर 10 रन के बदले 100 भूखे व जरूरतमंद लोगों को भोजन दान किया जाता है। खेल के जरिए समाज सेवा की इस मुहिम ने देशभर के खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया है।

राजनीतिक दिग्गजों और बॉलीवुड हस्तियों का लगा जमावड़ा

मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में देश की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी और गोरखपुर के सांसद व अभिनेता रवि किशन शामिल हुए।
इसके अलावा जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता राकेश बेदी सहित फिल्म और कला जगत के कई अन्य कलाकारों ने भी शिरकत की। सभी अतिथियों ने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और ब्रांड एम्बेसडर मो. वसीम अंसारी से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और इस सामाजिक पहल की जमकर सराहना की।

टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हुआ लाइव प्रसारण
इस पूरे आयोजन और मुकाबलों का सीधा प्रसारण (Live Telecast) दूरदर्शन के खेल चैनल DD Sports और YouTube पर किया गया। लाखों दर्शकों ने घर बैठे टीवी और मोबाइल स्क्रीन के माध्यम से इस नेक पहल और रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया।
‘समाज सेवा का बेहतरीन जरिया है खेल’: वसीम अंसारी
आयोजन के बाद मो. वसीम अंसारी ने कहा, “राष्ट्रीय क्रिकेट लीग केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से समाज में बदलाव लाने और जरूरतमंदों की मदद करने का एक सशक्त मंच है। इतने बड़े दिग्गजों के बीच गिरिडीह का प्रतिनिधित्व करना और किसी की थाली तक भोजन पहुंचाने के मिशन का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व का क्षण है।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि आरसीएल के आगामी सीजन-5 में भी यदि उन्हें अवसर मिला, तो वह पूरी निष्ठा के साथ ब्रांड एम्बेसडर के रूप में जुड़कर ‘हंगर फ्री भारत मिशन’ को आगे बढ़ाने में अपना योगदा
न जारी रखेंगे।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।