निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर ABVP का विरोध मार्च, टावर चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) गिरिडीह नगर इकाई की ओर से निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को विरोध मार्च निकाला गया। यह मार्च झंडा मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टावर चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान ABVP के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार का विरोध करने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को कथित रूप से दबाया जा रहा है। उन्होंने रामेश्वर मुर्मू, सूर्या हांसदा और अब निशा भगत के मामलों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या झारखंड में आदिवासी समाज के हक और अधिकारों की आवाज उठाना अपराध है? क्या धर्मांतरण के खिलाफ आवाज उठाना पाप है?

मंटू मुर्मू ने आरोप लगाया कि निशा भगत ने कई बार प्रताड़ना से परेशान होकर सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी शिकायतों पर समय रहते गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने पिठोरिया थाना पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई की गई होती, तो शायद ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

उन्होंने जमीन माफिया और सत्ता के कथित संरक्षण में पल रहे लोगों पर भी निशाना साधा। आरोप लगाया कि अजय तिर्की और संबंधित थाना प्रभारी की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, निशा भगत के निजी जीवन और चरित्र को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।

वहीं, जिला संयोजक नीरज चौधरी ने कहा कि किसी महिला के चरित्र और निजी जीवन को लेकर घटिया टिप्पणियां करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोगों को आखिर किस आधार पर संरक्षण मिल रहा है।

SFS के सह संयोजक अनीश राय ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सीबीआई जांच का प्रस्ताव देना अपनी जवाबदेही से बचने का रास्ता नहीं हो सकता। उन्होंने नामजद आरोपी अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से मामले में निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग की।

इस मौके पर नगर सह मंत्री अभिजीत सिन्हा, कॉलेज उपाध्यक्ष संदीप वर्मा, मीडिया प्रभारी बिट्टू मोदी, श्रेयांश सौरव, प्रशांत कुमार, रितेश पांडे, केशव सिन्हा, संस्कार साहू, सूरज राणा, कन्हैया कुमार, अमित कुमार गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *