जमुआ: जमुआ प्रखंड अंतर्गत कारोडीह पंचायत के ग्राम माधव में आयोजित चार दिवसीय माधव प्रीमियर लीग सीजन-4 का रविवार को सफल समापन हुआ। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया, जिसमें फाइनल मुकाबला सरगबाद और पोबीमोड़ की टीमों के बीच खेला गया।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां दोनों टीमों ने निर्धारित ओवरों में 129-129 रन बनाकर मुकाबले को ड्रॉ पर समाप्त किया। इसके बाद निर्णय सुपर ओवर के जरिए हुआ, जिसमें सरगबाद की टीम ने 10 रन बनाकर पोबीमोड़ को मात दी और खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं पोबीमोड़ की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
समापन समारोह के मौके पर मुख्य अतिथि मनीष कुमार वर्मा ने टूर्नामेंट कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि “माधव की कमेटी ने बेहतरीन आयोजन कर खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया है। यह टूर्नामेंट न केवल खेल भावना को बढ़ावा देता है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में युवाओं को प्रेरित करने का कार्य भी करता है।”
मुखिया प्रतिनिधि दशरथ दास ने कहा कि “खेल में हार-जीत सामान्य बात है, लेकिन असली मकसद खेल भावना और आपसी सौहार्द को बनाए रखना होना चाहिए। खेल से शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की मजबूती मिलती है।”
इस अवसर पर समाजसेवी मंटू कुमार, अहमद आसीन, वार्ड सदस्य युनुस अंसारी, ग्राम सदर शमसुद्दीन अंसारी, ग्राम सचिव उस्मान अंसारी, मौलाना नईमुद्दीन, मौलाना नसीरुद्दीन सहित टूर्नामेंट कमेटी के सभी सदस्य, कई गणमान्य व्यक्ति और पत्रकार बंधु मौजूद रहे।
