गिरिडीह में लगातार बढ़ रहे बलात्कार के मामले, सरिया में 9वीं की छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी गिरफतार…

Share This News

सरिया: गिरिडीह जिले में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में नवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ एक ट्रैक्टर चालक ने दुष्कर्म किया है। इस घटना ने एक बार फिर जिले में हड़कंप मचा दिया है।

 

पीड़िता ने बताया कि वह शौच के लिए गई थी, तभी आरोपी ट्रैक्टर चालक ने उसे जबरन सुनसान जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। किसी तरह पीड़िता आरोपी के चंगुल से भागकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

 

परिवार के लोगों ने तुरंत सरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सरिया थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे जेल भेज दिया गया है।

 

गौरतलब है कि हाल ही में बगोदर थाना क्षेत्र में भी दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं के बाद भी जिले में इस तरह की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। यह घटना एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।