गिरिडीह में शॉर्ट सर्किट से तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग, मां-बेटी की दर्दनाक मौत

Share This News

गिरिडीह: पचंबा थाना क्षेत्र के मारवाड़ी मोहल्ले में सोमवार तड़के एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से मां-बेटी की झुलसकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान सीताराम डालमिया की बहू संगीता डालमिया (45) और पोती खुशी डालमिया (21) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मकान के पहले तल्ले पर ‘खुशी मार्ट’ नामक कपड़े की दुकान थी। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण सबसे पहले दुकान में आग लगी, जो तेजी से ऊपर की दो मंजिलों तक फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए कोडरमा और धनबाद से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। इमारत में भारी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती गई।

सीताराम डालमिया का परिवार उसी मकान की दूसरी मंजिल पर रहता था। आग लगने के बाद मकान में फंसे सीताराम डालमिया, उनकी पत्नी किरण डालमिया, बेटा दिनेश डालमिया और पोता रिशु डालमिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, संगीता और खुशी आग की लपटों में फंस गईं और उनकी मौत हो गई।

घटनास्थल पर नगर विकास मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू भी पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना जताई। मंत्री ने कहा कि फायर ब्रिगेड विभाग के पास पर्याप्त उपकरण नहीं हैं, जिससे राहत और बचाव कार्य में परेशानी हुई। उन्होंने इस विषय पर सरकार से बात करने की बात कही है।

यह हादसा एक बार फिर शहर में अग्निशमन व्यवस्था की पोल खोलता नजर आया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दमकल विभाग को मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।