बालू लदे ट्रैक्टर का पीछा करते हुए पलटा वाहन, चालक व चौकीदार घायल; प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल …

Share This News

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलदा नदी घाट के समीप गुरुवार को बालू लदे एक ट्रैक्टर का पीछा करने के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, बालू लेकर जा रहे ट्रैक्टर की सूचना मिलने पर अंचल प्रशासन की टीम उसके पीछे लग गई। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया।

हादसे में ट्रैक्टर चालक एवं साथ मौजूद चौकीदार घायल हो गए। हालांकि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रैक्टर किसी राहगीर या आबादी वाले क्षेत्र में पलटता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासनिक कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि अवैध बालू खनन की सूचना थी तो प्रशासन को सीधे घाट पर छापेमारी करनी चाहिए थी। उनका मानना है कि सड़क पर पीछा करने की बजाय खनन स्थलों पर सख्ती बरतने से इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

Advertisement

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि एक ओर सरकार प्रधानमंत्री आवास और अबुआ आवास जैसी योजनाओं के तहत निर्माण कार्यों को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर बालू की उपलब्धता और परिवहन को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

Related Post