धनवार में केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ, ग्रामीण छात्रों को मिलेगी राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा

Share This News

गिरिडीह: जिले के धनवार प्रखंड में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। केंद्रीय विद्यालय धनवार का विधिवत शुभारंभ होने के साथ ही क्षेत्र के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल गया है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Advertisement….

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और फीता काटकर किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। नवप्रवेशित छात्रों का स्वागत करते हुए अतिथियों ने उन्हें शिक्षा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के महत्व से अवगत कराया।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों तक भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय धनवार क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा। इससे छात्रों को पढ़ाई के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

Advertisement…

वहीं उपायुक्त रामनिवास यादव ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि फिलहाल विद्यालय का संचालन वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शुरू किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि अगले दो वर्षों के भीतर विद्यालय का अपना अत्याधुनिक भवन तैयार कर लिया जाएगा। साथ ही नामांकन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।

धनवार में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए लाभकारी बताया है।

Related Post