JSSC इंटर लेवल भर्ती 2026 का विज्ञापन जारी, 326 पदों पर होगी नियुक्ति; 20 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन

Share This News

रांची। झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 (JISCCE-2026) का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 326 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से शुरू होगी।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 19 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क का भुगतान 20 अगस्त मध्य रात्रि तक किया जा सकेगा। इसके बाद फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड कर आवेदन पत्र का प्रिंट आउट लेने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं, ऑनलाइन आवेदन में नाम, जन्म तिथि, ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर को छोड़कर अन्य त्रुटियों में 21 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक संशोधन किया जा सकेगा।

इस भर्ती परीक्षा का आयोजन दो चरणों—प्रारंभिक परीक्षा (Preliminary Examination) और मुख्य परीक्षा (Main Examination)—में किया जाएगा। हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन की संख्या 50 हजार से कम रहती है तो प्रारंभिक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। वहीं विशेष परिस्थितियों में आयोग आवश्यकतानुसार सीधे मुख्य परीक्षा आयोजित करने का भी निर्णय ले सकता है।

परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) होगी। प्रारंभिक परीक्षा में एक प्रश्नपत्र होगा, जिसमें 120 वस्तुनिष्ठ (Objective) प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 3 अंक दिए जाएंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।

प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन से 30 प्रश्न, झारखंड राज्य से संबंधित विषयों से 60 प्रश्न तथा सामान्य गणित, सामान्य विज्ञान एवं मानसिक क्षमता जांच से 10-10 प्रश्न पूछे जाएंगे। इस प्रकार परीक्षा में झारखंड सामान्य ज्ञान को विशेष महत्व दिया गया है।

भर्ती के तहत सबसे अधिक 137 पद स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 62 पद बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, 41 पद मात्सियकी तकनीकी सहायक, 32 पद कीट संग्रहकर्ता, 27 पद कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक तथा 27 पद वेटरीनरी सहायक/चिकित्सा सहायक के लिए भरे जाएंगे।

पदवार रिक्तियां इस प्रकार हैं—

  • स्वास्थ्य पर्यवेक्षक (स्वास्थ्य निदेशालय) – 137 पद
  • बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (स्वास्थ्य निदेशालय) – 62 पद
  • मात्सियकी तकनीकी सहायक (मत्स्य निदेशालय) – 41 पद
  • कीट संग्रहकर्ता (स्वास्थ्य निदेशालय) – 32 पद
  • कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक (अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय) – 27 पद
  • वेटरीनरी सहायक/चिकित्सा सहायक (नगर विकास विभाग) – 27 पद