गिरिडीह जिला प्रशासन ने अवैध महुआ शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बराहमोरिया गांव में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद शिव प्रसाद साहू के नेतृत्व में उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना की संयुक्त टीम ने अभियान को अंजाम दिया।
छापेमारी के दौरान गांव में संचालित अवैध महुआ चुलाई शराब भट्टियों को चिन्हित कर ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही शराब कारोबारियों के घरों एवं संभावित ठिकानों की तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में अवैध शराब निर्माण के लिए संग्रहित लगभग 9000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा बिक्री के लिए तैयार लगभग 350 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान छापेमारी दल को देखते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अभियान में मुफ्फसिल थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक श्याम किशोर महतो, उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियानन, पु०स०अ०नि० राहुल कुमार सहित उत्पाद विभाग, पुलिस बल, गृहरक्षक बल एवं जिला क्यूआरटी के जवान शामिल थे।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।