जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर जन-जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को प्लस टू एच.ई. हाई स्कूल, गिरिडीह से प्रभात फेरी निकाली गई।
जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित यह जागरूकता रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर झंडा मैदान, सदर अस्पताल, टावर चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
प्रभात फेरी में शामिल विद्यार्थियों ने “हम सब का एक ही नारा, नशा मुक्त जीवन हो हमारा”, “नशा छोड़ें, शिक्षा चुनें”, “नशा को ना कहें, जीवन को हां कहें” तथा “नशा छोड़ें, परिवार जोड़ें” जैसे प्रेरणादायी नारों के माध्यम से आमजन को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की सकारात्मक भागीदारी से ही नशामुक्त समाज के निर्माण का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित यह अभियान आगामी दिनों में भी विभिन्न विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जारी रहेगा, ताकि समाज के हर वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके और एक स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।