बेंगाबाद में अवैध खनन पर डीसी का बड़ा एक्शन, छापेमारी में पोकलेन जब्त, FIR के निर्देश…

Share This News

गिरिडीह जिले में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगाबाद प्रखंड के अरतोका क्षेत्र में छापेमारी की। उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया और अवैध खनन की पुष्टि होने पर एक पोकलेन मशीन जब्त करने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन, अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अवैध खनन से सरकारी राजस्व की हानि होने के साथ-साथ पर्यावरण और स्थानीय पारिस्थितिकी पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी, अंचल प्रशासन और पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से नियमित छापेमारी अभियान चलाने, संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने तथा दोषियों के खिलाफ खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जब्त वाहनों और मशीनों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने को भी कहा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार अवैध खनन पर नजर बनाए हुए है और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनन से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Post