गिरिडीह: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित अंबाटांड़ तालाब में नहाने के दौरान दूसरी कक्षा के एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने विद्यालय पहुंचकर बच्चों की निगरानी में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

मृतक की पहचान झगरी निवासी कलीम अंसारी के आठ वर्षीय पुत्र फरहान अंसारी के रूप में हुई है। वह झगरी उत्क्रमित विद्यालय में दूसरी कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह फरहान रोज की तरह स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि वह कक्षा में अपना बैग रखने के बाद दो अन्य बच्चों के साथ अंबाटांड़ तालाब में नहाने चला गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया।
स्थानीय लोगों ने छात्र को तालाब से बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
परिजनों का आरोप है कि विद्यालय में समय पर प्रार्थना सभा और उपस्थिति दर्ज नहीं होने के कारण बच्चों की उचित निगरानी नहीं हो सकी, जिससे यह हादसा हुआ। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं विद्यालय की शिक्षिका फरीदा खातून ने बताया कि घटना के समय वह विद्यालय में अकेली शिक्षिका थीं, जबकि अन्य शिक्षक अवकाश पर थे। उनके अनुसार छात्र बिना किसी जानकारी के विद्यालय से बाहर चला गया था।

सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।