गिरिडीह की बेटी अनीशा अंजुम ने अहमदाबाद में रचा इतिहास, दो राष्ट्रीय अवॉर्ड से हुई सम्मानित…

Share This News

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह की बेटी अनीशा अंजुम ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित डिजिटल मार्केटिंग अवॉर्ड फंक्शन 2026 में उन्हें ‘स्टार्टअप ऑफ द ईयर 2026’ और ‘बेस्ट सेल्स पर्सन ऑफ द ईयर 2026‘ जैसे दो प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किए गए।

अनीशा अंजुम AW Digital Hub की Founder एवं CEO हैं। उन्होंने अपने स्टार्टअप को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके इस सम्मान से गिरिडीह सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है।

 

संघर्ष से सफलता तक का सफर

अनीशा अंजुम की सफलता के पीछे संघर्षों से भरी प्रेरणादायक कहानी है। महज चार वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था। इसके बाद उनकी मां नाहिद अंजुम ने परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभाली। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने दिन-रात मेहनत कर अपनी बेटी की पढ़ाई और परवरिश में कोई कमी नहीं आने दी।

बचपन से ही कई कठिन परिस्थितियों का सामना करने वाली अनीशा ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने अपने लक्ष्य पर लगातार काम किया और आज अपने परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।

आज संभाल रही हैं परिवार की जिम्मेदारी

आज अनीशा अंजुम अपने दम पर न केवल सफल उद्यमी बनी हैं, बल्कि पूरे परिवार की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। गिरिडीह जैसे छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर दो बड़े सम्मान हासिल करना युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का विषय है।

 

उनकी इस उपलब्धि पर जिले के लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

 

Related Post