रांची। झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ ने अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। संघ ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के मानव संसाधन नियमावली में डाटा एंट्री ऑपरेटरों को लेवल-7 में शामिल करने और स्थायी समायोजन की मांग की है। संघ का कहना है कि लंबे समय से मांगों को लेकर विभागीय स्तर पर पत्राचार और वार्ता के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

संघ के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को रांची में हुई राज्य कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया। आंदोलन के तहत 11 अगस्त को संघ के सदस्य और महासंघ के पदाधिकारी काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज करेंगे। इसके बाद 12 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है।

संघ ने बताया कि 17 अगस्त को JSLPS के राज्य कार्यालय, स्मार्ट सिटी, धुर्वा, रांची के समक्ष जोरदार अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मांगें पूरी नहीं होने पर सामूहिक अवकाश, कार्य बहिष्कार तथा अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना-प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी गई है।
संघ की प्रमुख मांग है कि विभाग में कार्यरत 372 डाटा एंट्री ऑपरेटरों को मानव संसाधन नियमावली के लेवल-7 में शामिल करते हुए स्थायी समायोजन किया जाए। स्थायी समायोजन होने तक संघ ने ₹40,900 प्रतिमाह मानदेय/वेतन देने की मांग की है।
संघ ने आंदोलन से पहले ग्रामीण विकास विभाग के सचिव अथवा JSLPS के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के साथ सम्मानजनक वार्ता कर मांगों पर समझौता लागू करने का आग्रह भी किया है।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।