गिरिडीह में कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण, नियमों के अनुपालन की जांच; उल्लंघन पर कार्रवाई के संकेत…

Share This News

उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कोचिंग सेंटरों में विद्यार्थियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की गई।

 

प्रशासन की टीम ने विक्रमादित्य क्लासेस, दशरथ मैथेमेटिक्स क्लासेस, राजीव क्लासेस और एक्साम गाइडेंस समेत विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विद्यार्थियों का पंजीकरण, शिक्षकों एवं ट्यूटर्स से संबंधित अभिलेख, कोचिंग सेंटर का पंजीकरण, कक्षाओं की व्यवस्था, अध्ययन सामग्री, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की जानकारी ली गई।

 

एसडीओ धीरेंद्र कुमार ने कोचिंग संचालकों को झारखंड कोचिंग सेंटर (नियंत्रण एवं विनियमन) अधिनियम, 2025 के प्रावधानों के अनुरूप संस्थानों का संचालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेज एवं अभिलेख अद्यतन रखने तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोचिंग संस्थानों में पारदर्शिता, विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा और निर्धारित नियमों का पालन प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

 

जिला प्रशासन ने जिले के सभी कोचिंग संस्थानों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

Related Post