बच्चों के प्रदर्शन के बाद हरकत में आया विभाग, स्कूल पहुंची जांच टीम, खंगाला चावल का स्टॉक

Share This News

गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय रताबहियार में मध्यान भोजन व्यवस्था को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। सोमवार को प्रखंड स्तर के अधिकारियों की एक टीम विद्यालय पहुंची और स्कूल में व्याप्त स्थिति के साथ-साथ ग्रामीणों की शिकायतों की जानकारी ली।

बताया गया कि पिछले दिनों मध्यान भोजन बंद रहने को लेकर स्कूली बच्चों ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया था। इसके बाद ग्रामीणों और बच्चों की ओर से विद्यालय के सचिव पर मध्यान भोजन के लिए उपलब्ध चावल और राशि के अलावा विकास मद की राशि में कथित गड़बड़ी के आरोप लगाए गए थे।

मामले की पड़ताल के लिए पहुंची टीम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी के.डी. राय, अकाउंटेंट संजय यादव और बीआरपी प्रवीण कुमार शामिल रहे।

अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर सबसे पहले मध्यान भोजन से संबंधित चावल के भंडारण और स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। इसके अलावा विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

जांच के दौरान टीम ने ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अलग-अलग जानकारी ली। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष विद्यालय में मध्यान भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी स्कूल की मौजूदा स्थिति से टीम को अवगत कराया।

अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। टीम अपनी जांच पूरी करने के बाद रिपोर्ट संबंधित उच्चाधिकारियों को सौंपेगी। इसके बाद जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

फिलहाल प्रखंड स्तरीय टीम की जांच के बाद विद्यालय में मध्यान भोजन और विकास मद से जुड़ी शिकायतों पर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Related Post