गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज में एनसीसी कैडेट्स की रैंक सेरेमनी का आयोजन गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में कैडेट्स की मेहनत, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मान देते हुए छह कैडेट्स को विभिन्न महत्वपूर्ण रैंक प्रदान किए गए।
एनसीसी की सीटीओ प्रोफेसर विनीता कुमारी ने रैंक सेरेमनी के दौरान रमेश सोरेन को सीनियर अंडर ऑफिसर, शुभम राजपूत, संध्या कुमारी एवं रूबी कुमारी को अंडर ऑफिसर, रवि रंजन बास्की को कंपनी सार्जेंट मेजर तथा शुभम कुमार तिवारी को सार्जेंट का रैंक प्रदान किया।
रैंक प्रदान किए जाने के दौरान कैडेट्स में खासा उत्साह देखने को मिला। नए दायित्व मिलने के साथ ही कैडेट्स ने एनसीसी के अनुशासन, गरिमा और परंपरा को बनाए रखने तथा अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सीटीओ प्रो. विनीता कुमारी ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। रैंक केवल एक पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने सभी रैंकधारी कैडेट्स से अपने दायित्वों का ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और कुशल नेतृत्वकर्ता बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। रैंक प्राप्त करने वाले सभी कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
रैंक सेरेमनी के समापन पर पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल रहा। कार्यक्रम ने कैडेट्स के भीतर नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना का संचार किया।
मौके पर पूर्व सीनीयर अंडर आफीसर सागेन सोरेन अंडर आफीसर सलोनी जयसवाल, उमेश सोरेन, सविता मरांडी एवं सैकडों की संख्या में कालेज के एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।