गिरिडीह। केंद्र सरकार के MMDR संशोधन बिल के विरोध और छात्र आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किए जाने की सूचना के विरोध में शुक्रवार को गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यालय से पैदल प्रतिवाद मार्च निकाला।

मार्च बस स्टैंड रोड होते हुए टावर चौक पहुंचा। यहां झामुमो कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने MMDR संशोधन बिल को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए टावर चौक पर विरोध का माहौल बना रहा।

MMDR संशोधन बिल को बताया काला कानून
झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि MMDR संशोधन बिल एक काला कानून है और पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि इस कानून के खिलाफ झामुमो लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी।
संजय सिंह ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि भाजपा के इशारे पर कुछ लोग छात्र आंदोलन के नाम पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की तैयारी में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्रियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर भी कथित तौर पर नकारात्मक नैरेटिव फैलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि झामुमो अपने नेताओं के सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। यदि पार्टी के नेताओं को अपमानित करने का प्रयास किया गया तो झामुमो इसका लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध करेगी।
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला महासचिव महालाल सोरेन, शाहनवाज अंसारी, कृष्ण मुरारी शर्मा, उप महापौर सुमित कुमार, रॉकी सिंह, अजीत कुमार पप्पू, दिलीप रजक, मुकेश केसरी, भरत यादव, दारा हाजरा, बबली मरांडी, प्रमिला कुमारी, प्रीति भास्कर समेत बड़ी संख्या में झामुमो नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के माध्यम से झामुमो ने स्पष्ट किया कि MMDR संशोधन बिल के खिलाफ उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।