22-23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप, मतदाता सूची में दावा-आपत्ति का मिलेगा मौका…

Share This News

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत गिरिडीह जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22 एवं 23 अगस्त को दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने के लिए द्वितीय विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला प्रशासन ने कैंप को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Advertisement….

विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। प्रारूप सूची के संबंध में दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। विशेष कैंप के दौरान मतदाता अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरणों का सत्यापन कर सकेंगे।

 

यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या किसी प्रविष्टि में त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। वहीं, मृत या अपात्र व्यक्ति के नाम जैसी गलत प्रविष्टियों के संबंध में भी नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी।

 

बीएलओ रहेंगे मौजूद

 

22 और 23 अगस्त को सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। नागरिकों को मतदाता सूची की जानकारी प्राप्त करने और दावा-आपत्ति दर्ज कराने में आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

 

उपायुक्त रामनिवास यादव ने अधिकारियों को प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने विशेष रूप से युवा एवं नए मतदाताओं, महिला मतदाताओं तथा अन्य सभी पात्र नागरिकों से विशेष कैंप का लाभ उठाने की अपील की है।

 

जिला प्रशासन का उद्देश्य पुनरीक्षण प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, समावेशी, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है।

Related Post