गिरिडीह में गरमाया सियासी माहौल, पुतला दहन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की…दो दर्जन भाजपा कार्यकर्ताओं को लिया गया हिरासत …

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह:  छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर शनिवार को गिरिडीह में सियासी घमासान तेज हो गया। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने झंडा मैदान पहुंचे। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर रखी थी।

भाजपा कार्यकर्ताओं के झंडा मैदान पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें पुतला दहन करने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं के हाथ से मुख्यमंत्री का पुतला लेने की कोशिश की, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक तथा धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। कार्यकर्ता पुतला दहन करने की मांग पर अड़े रहे। इसी बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर दिया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब दो दर्जन भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें गिरिडीह स्टेडियम ले जाया गया। कार्यकर्ताओं की हिरासत की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक भी स्टेडियम पहुंच गए।

मौके पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी गई। एसडीएम, एसडीपीओ, गिरिडीह सीओ, गिरिडीह बीडीओ, नगर थाना प्रभारी और पचंबा थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

भाजपा ने घटना को लेकर आक्रामक रुख अपनाते हुए छात्रों के समर्थन में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का ऐलान किया था। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि छात्रों के साथ हुई मारपीट के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है।

वहीं, प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। झंडा मैदान से लेकर टावर चौक तक भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन और हिरासत के दौरान तनाव की स्थिति बनी रही। फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page