गिरिडीह: शहर के झंडा मैदान में शुक्रवार शाम छात्र संगठन और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के मामले में नगर थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और अन्य आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
अभाविप की शिकायत पर JMM जिलाध्यक्ष समेत कई पर प्राथमिकी
अभाविप के प्रांत सेवा प्रमुख अनीश राय की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी में झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत 11 नामजद और करीब 25 से 30 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
शिकायत के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे विभिन्न छात्र संगठनों के छात्र जेपीएससी में कथित गड़बड़ी के विरोध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के लिए झंडा मैदान में जुटे थे। इसी दौरान कथित रूप से कुछ झामुमो कार्यकर्ता लाठी और रॉड लेकर वहां पहुंचे और छात्रों को घेर लिया।
आवेदन में अभाविप के प्रदेश सह-मंत्री मंटू मुर्मू के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि लखन राम और रॉकी सिंह ने मंटू मुर्मू का गला दबाया, लात-घूंसों और रॉड से मारपीट की तथा गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
शिकायत में कहा गया है कि मंटू के साथ मारपीट होते देखकर आजसू छात्र संगठन के अक्षय यादव और अभिजीत सिन्हा बीच-बचाव करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई और अभिजीत सिन्हा का मोबाइल क्षतिग्रस्त होने का आरोप लगाया गया है।
अनीश राय ने अपनी शिकायत में झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह और अजीत पप्पू पर मौके पर पहुंचकर भीड़ को उकसाने का आरोप भी लगाया है।
JMM कार्यकर्ता की शिकायत पर दूसरी प्राथमिकी
दूसरी प्राथमिकी पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पुरनानगर निवासी दिलीप मुर्मू की शिकायत पर दर्ज की गई है। नगर थाना कांड संख्या 177/26 में दिलीप मुर्मू ने खुद को झामुमो का सक्रिय कार्यकर्ता बताते हुए घटना के संबंध में अपना पक्ष रखा है।
शिकायत के अनुसार, 21 अगस्त को झामुमो की ओर से एमएमडीआर एक्ट के विरोध में शाम चार बजे से रात नौ बजे तक शांतिपूर्ण धरना दिया जा रहा था। इसी दौरान अनीश राय, अभिजीत कुमार, विवेक गुप्ता, मंटू मुर्मू, मिशू मंडल समेत अन्य लोगों पर धरनास्थल के पास से गुजरते समय कथित रूप से अपशब्द कहने का आरोप लगाया गया है।
दिलीप मुर्मू के आवेदन के मुताबिक, इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ और बाद में मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्राथमिकी में महिला कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता करने तथा 500 रुपये छीनने का आरोप भी लगाया गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
नगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।