इंस्टाग्राम पर प्यार, गांव बुलाकर कत्ल: ऑनर किलिंग की खौफनाक दास्तान; जमीन से पैर बाहर निकला तो खुला दफन राज

Pintu Kumar
3 Min Read
पहाड़पुर गांव में जमीन में दबे मिले युवक के शव के बाद जांच में जुटी बेंगाबाद पुलिस।
Highlights
  • ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला: इंस्टाग्राम पर हुए प्रेम प्रसंग से नाराज युवती के परिजनों ने प्रेमी की धारदार हथियार से हत्या की।
  • मृतक की पहचान: बिहार के जमुई (मोरियाडीह) निवासी 18 वर्षीय मिथुन दास उर्फ कारू के रूप में हुई पहचान।
  • जमीन से निकले पैर ने खोला राज: गुरुवार सुबह जमीन से बाहर एक पैर दिखा तो ग्रामीणों में हड़कंप मचा; पुलिस ने खुदाई करवाकर क्षत-विक्षत शव बाहर निकाला।
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

बेंगाबाद (गिरिडीह): सोशल मीडिया पर परवान चढ़ा एक प्रेम प्रसंग ‘ऑनर किलिंग’ की खौफनाक वारदात में तब्दील हो गया। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद प्रेमिका से मिलने पहुंचे 18 वर्षीय युवक मिथुन दास की धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई। दरिंदगी की हद यह रही कि शव को क्षत-विक्षत कर घर के पीछे जमीन में दफना दिया गया। चार दिन बाद गुरुवार सुबह जब जमीन से बाहर निकला एक पैर ग्रामीणों की नजर में आया, तब जाकर इस सनसनीखेज कत्ल का राजफाश हुआ। पुलिस ने प्रेमिका और उसके माता-पिता को हिरासत में ले लिया है।

इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, साजिश रच रविवार को बुलाया

मृतक की पहचान बिहार के जमुई जिले के बीचकोडवा थाना क्षेत्र (मोरियाडीह) निवासी मिथुन दास उर्फ कारू (पिता- माथुर दास) के रूप में हुई है। मृतक की मां चमेली देवी के अनुसार, पहाड़पुर की रहने वाली युवती से मिथुन का काफी समय से इंस्टाग्राम पर प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे और इसे खानदान की इज्जत से जोड़कर देख रहे थे। आरोप है कि सोची-समझी खूनी साजिश के तहत मिथुन को रविवार को फोन करके पहाड़पुर बुलाया गया। इसके बाद धारदार हथियार से उसकी जान ले ली गई और सबूत मिटाने के लिए शव को गड्ढे में दबा दिया गया।

जमीन से बाहर निकला पैर, खुल गया खूनी राज

गुरुवार तड़के पहाड़पुर निवासी जगदीश दास के घर के पिछले हिस्से में ग्रामीणों ने जमीन से एक मानव पैर बाहर निकला देखा। अनहोनी की आशंका पर ग्रामीण जुटे और मिट्टी हटाने पर अंदर दबा हुआ शव दिखाई दिया। देखते ही देखते पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रेमिका समेत माता-पिता हिरासत में

सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, इंस्पेक्टर बम-बम कुमार और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जमीन खोदकर शव को बाहर निकाला गया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती, उसके पिता और मां को हिरासत में ले लिया है।

एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के अनुसार मामला प्रथमदृष्टया प्रेम प्रसंग में झूठी शान (ऑनर किलिंग) से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (सीडीआर) खंगाल रही है ताकि यह साफ हो सके कि मिथुन को आखिरी बार किसके फोन से बुलाया गया था और इस जघन्य हत्याकांड में परिवार के अलावा कौन-कौन शामिल था।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page