फिजियोथेरेपी क्लीनिक की आड़ में नर्सिंग होम चलाने का आरोप, फरार डॉ. एनके सिन्हा देवघर से गिरफ्तार

Pintu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: नगर थाना क्षेत्र के झिंझरी मोहल्ले में फिजियोथेरेपी क्लीनिक की आड़ में कथित तौर पर नर्सिंग होम संचालित करने और इलाज के दौरान मरीज की मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपित चिकित्सक डॉ. एनके सिन्हा को गिरिडीह पुलिस ने देवघर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बुधवार अहले सुबह करीब चार बजे देवघर स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार किया।

बताया जाता है कि पचंबा थाना क्षेत्र के 28 नंबर निवासी राजकुमार पासवान कंधे में दर्द की शिकायत को लेकर डॉ. एनके सिन्हा के फिजियोथेरेपी क्लीनिक पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान चिकित्सक ने राजकुमार को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ और अहले सुबह उनकी मौत हो गई।

मरीज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद लोगों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, घटना के बाद आरोपित चिकित्सक अपने परिवार के साथ फरार हो गया था।

आरोपित की गिरफ्तारी के लिए नगर थाना पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि डॉ. एनके सिन्हा देवघर में किराये के मकान में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने देवघर पहुंचकर मकान की घेराबंदी की और अहले सुबह छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामले को लेकर राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने भी संज्ञान लिया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपित को गिरिडीह लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के निर्देश पर आरोपित का मेडिकल जांच कराया गया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इलाज के दौरान मरीज की मौत के कारणों और क्लीनिक में संचालित गतिविधियों को लेकर भी पुलिस स्तर से जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page