गिरिडीह से बाइक समेत 28 वर्षीय युवक लापता, परिजनों ने मुफस्सिल थाने में लगाई सकुशल बरामदगी की गुहार…

Share This News

गिरिडीह: मुफस्सिल थाना क्षेत्र से 28 वर्षीय एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के अचानक गायब होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं। मामले को लेकर लापता युवक के पिता किशोर प्रसाद गुप्ता ने मुफस्सिल थाने में लिखित आवेदन देकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।

थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, उनका 28 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार साहू 29 सितंबर की दोपहर करीब 2:00 बजे घर से काम के सिलसिले में निकला था। वह गांधी किराना/इंटरप्राइजेज गया हुआ था। परिजनों ने बताया कि काम खत्म करने के बाद उसे देर शाम तक घर लौट आना था, लेकिन रात तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

काफी देर इंतजार करने के बाद परिजनों ने अपने स्तर से खोजबीन शुरू की। देर रात तक रिश्तेदारों, दोस्तों और संभावित ठिकानों पर पूछताछ की गई, लेकिन शुभम का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों के अनुसार, शुभम अपनी हीरो होंडा मोटरसाइकिल (संख्या: JH 10 BT 6800) से निकला था और वह बाइक समेत लापता है।

थक-हारकर परिजनों ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित सूचना दी और युवक की तलाश तेज करने की मांग की। पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर लिया है और हुलिए व बाइक नंबर के आधार पर मामले की जांच और युवक की खोजबीन में जुट गई है।