गिरिडीह। अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर एक दिव्यांग लाभुक से कथित तौर पर 15 हजार रुपये लेने और बाद में पैसे वापस मांगने पर धमकी देने का मामला धनवार थाना क्षेत्र के घोड़थम्बा ओपी पहुंच गया है। बड़की गली निवासी दिव्यांग रोहित गोस्वामी ने पुलिस को आवेदन देकर प्रवीण सिंह और उपमुखिया पिंटू रजक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में रोहित ने आरोप लगाया है कि अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर प्रवीण सिंह ने उससे 15 हजार रुपये लिए थे। बाद में एक कार्यक्रम के दौरान उसने सार्वजनिक रूप से रुपये वापस करने की मांग की। विवाद बढ़ने पर मुखिया प्रतिनिधि नरेश यादव की पहल से कथित तौर पर 10 हजार रुपये वापस कराए गए। रोहित के अनुसार, शेष 5 हजार रुपये को लेकर 22 सितंबर को उपमुखिया पिंटू रजक उसके घर पहुंचे और विवाद किया।

रोहित ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट की धमकी दी गई। उसने अपनी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करने तथा दोबारा पैसे मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
दोनों पक्षों ने दिया आवेदन
मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। प्रवीण सिंह की ओर से भी रोहित गोस्वामी के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को आवेदन दिए जाने की बात कही गई है।
घोड़थम्बा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल ने बताया कि रोहित के आवेदन पर जांच की जा रही है। वहीं, प्रवीण सिंह की ओर से दिए गए आवेदन की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल अबुआ आवास योजना के नाम पर रुपये लेने, धमकी और मारपीट के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।