गिरिडीह: आम लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गिरिडीह पुलिस का ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस केंद्र, गिरिडीह में आयोजित कार्यक्रम में 105 बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए।

पुलिस की विशेष तकनीकी टीम ने तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के जरिए इन गुम हुए मोबाइल फोन को बरामद किया। कार्यक्रम में गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (SP), पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

गिरिडीह पुलिस के अनुसार, ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान के तहत अब तक 1000 से अधिक गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। आज की कार्रवाई में भी 105 मोबाइल वापस किए गए।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन और उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। लोगों ने गिरिडीह पुलिस की इस पहल और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।
