गिरिडीह: युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और उनकी प्रतिभा व नेतृत्व क्षमता को मंच देने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 (VBYLD-2027) का शुभारंभ किया गया है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), गिरिडीह की ओर से कार्यक्रम के पहले चरण में विकसित भारत क्विज आयोजित की जा रही है।
माय भारत केंद्र के एपीए नैयर प्रवेज ने जिले के युवाओं से क्विज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें हिस्सा ले सकते हैं। ऑनलाइन क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी। युवा अपनी पसंद की भाषा में व्यक्तिगत रूप से ऑनलाइन क्विज में भाग ले सकेंगे।
क्विज में चयनित प्रतिभागियों को अगले चरण में 500 शब्दों के विकसित भारत निबंध चैलेंज में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसके बाद चयन प्रक्रिया जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ेगी। जिला स्तर से चयनित शीर्ष दो प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को विशेषज्ञों, केंद्रीय सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के सामने अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। कुछ चयनित प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपने विचार प्रस्तुत करने का मौका मिल सकता है। राष्ट्रीय स्तर का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है।
एपीए नैयर प्रवेज ने बताया कि माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले पात्र युवा इस चयन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। उन्होंने जिले के युवाओं से निर्धारित अवधि के भीतर क्विज में भाग लेकर इस राष्ट्रीय पहल का हिस्सा बनने की अपील की।
