लगातार बारिश और जलजमाव को लेकर गिरिडीह प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील

Share This News

गिरिडीह: जिले में लगातार हो रही बारिश और कई इलाकों में भारी वर्षा के कारण निचले क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बनने लगी है। लगातार बारिश के बीच नदी, नाले, डैम, तालाब और अन्य जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि बारिश के दौरान किसी भी तरह का अनावश्यक जोखिम न लें। नदी-नालों, जलप्रपात, डैम, तालाब और तेज जल प्रवाह वाले स्थानों के आसपास जाने से बचें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखने तथा बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखने की अपील की।

उपायुक्त ने कहा कि जलजमाव वाले क्षेत्रों में आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतें और बारिश के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोग स्थानीय नदी, नाला और जलस्रोतों की स्थिति पर नजर रखें।

बारिश के दौरान विद्युत पोल, तार और अन्य विद्युत उपकरणों के आसपास पानी जमा होने पर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। किसी भी विद्युत समस्या की स्थिति में स्वयं समाधान करने के बजाय संबंधित विभाग को सूचना देने को कहा गया है।

उपायुक्त ने जिला प्रशासन के संबंधित पदाधिकारियों को लगातार बारिश और जलजमाव की स्थिति पर निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। संवेदनशील और निचले इलाकों में जलजमाव, आवागमन और संभावित जोखिम वाले स्थानों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।

जिला प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की गई है। उपायुक्त ने कहा कि प्राकृतिक परिस्थितियों में सावधानी और सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है।