गिरिडीह: गिरिडीह–डुमरी मुख्य मार्ग NH-114A पर योगीटांड़ स्थित गिरिडीह स्टेडियम के समीप सड़क का क्षतिग्रस्त और संकरा हिस्सा पिछले करीब दो वर्षों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क की स्थिति को लेकर की गई शिकायत के बाद NHAI के परियोजना निदेशक कार्यालय, धनबाद ने मामले को संबंधित सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) कार्यालय को अग्रेषित किया है।
शिकायतकर्ता सुनील खंडेलवाल ने बताया कि उक्त मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री वाहन, भारी वाहन और दोपहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क के क्षतिग्रस्त और संकरे हिस्से के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने संबंधित विभाग से स्थल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने और समस्या का स्थायी समाधान करते हुए सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
बताया गया कि इससे पहले CCL की ओर से स्पष्ट किया गया था कि उक्त सड़क NHAI के अधीन आती है। इसके बाद मामले को लेकर NHAI स्तर पर शिकायत दर्ज कराई गई और अब इसे संबंधित MoRTH कार्यालय को अग्रेषित किया गया है।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि जब तक सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से में बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
सुनील खंडेलवाल ने कहा कि मामला लंबे समय से लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है। ऐसे में कार्रवाई केवल पत्राचार तक सीमित न रहकर जमीन पर भी दिखाई देनी चाहिए, ताकि मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।