गिरिडीह/जमुआ: मुनिया देवी चैंपियन लीग सीजन-5 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को नवडीहा में टूर्नामेंट की कोर कमेटी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर प्रतियोगिता के आयोजन, नियमों और पुरस्कारों की जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि लीग का शुभारंभ 12 अक्टूबर 2026 को होगा, जबकि 16 अक्टूबर को मेगा फाइनल खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के संचालक मनीष कुमार एवं कोर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि मुनिया देवी चैंपियन लीग का आयोजन पिछले चार वर्षों से जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी के संयोजन में किया जा रहा है। सीजन-5 के सभी मुकाबले उत्क्रमित मध्य विद्यालय ग्राउंड, बारोटांड़ (जमुआ) में डे-नाइट प्रारूप में आयोजित किए जाएंगे।
इस बार प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजकों के अनुसार देशभर के खिलाड़ी टूर्नामेंट में भाग ले सकेंगे। हालांकि, प्रत्येक टीम में गिरिडीह जिले के कम से कम दो खिलाड़ियों को शामिल करना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य जिले के स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
विजेता को 2.50 लाख रुपये का पुरस्कार
टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों के लिए 21 हजार रुपये एंट्री फीस निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 2.50 लाख रुपये और बड़ी ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 1.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं, मैन ऑफ द सीरीज को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
नॉकआउट आधार पर होंगे मुकाबले
आयोजकों के मुताबिक सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। लीग के प्रत्येक मुकाबले 10 ओवर के होंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 12 ओवर का होगा। मैच में एल.बी.डब्ल्यू. को छोड़कर क्रिकेट के अन्य नियम लागू रहेंगे। इसके अलावा प्रत्येक टीम को एक ‘सुपर हिट ओवर’ भी मिलेगा।
टीम के खिलाड़ियों के लिए काले रंग का ट्राउजर और जूता पहनना अनिवार्य किया गया है। नामांकन के समय टूर्नामेंट शुल्क का 50 प्रतिशत जमा करना होगा। निर्धारित रिपोर्टिंग समय से 30 मिनट देर से पहुंचने वाली टीम के संबंध में समिति को आवश्यक निर्णय लेने का अधिकार रहेगा।
प्रत्येक टीम की प्लेइंग इलेवन में गिरिडीह जिले के दो आइकॉन खिलाड़ियों को आयोजक समिति द्वारा चयनित कर खेलाना अनिवार्य होगा।
खिलाड़ियों को मिलेगी जर्सी, यूट्यूब पर होगा लाइव प्रसारण
कोर कमेटी के सदस्य बसंत वर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट में शामिल सभी टीमों के खिलाड़ियों को आयोजकों की ओर से जर्सी उपलब्ध कराई जाएगी। दर्शकों के लिए भी मैच देखने की उचित व्यवस्था की जाएगी। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही मैदान में लाइव स्कोरिंग और दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। देशभर के खिलाड़ियों की भागीदारी से इस बार मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है। नामांकन की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उपेंद्र वर्मा, मंटू वर्मा, संदीप वर्मा, विनय पंडित, संतोष वर्मा, नित्यादन कुमारी, राजा बाबू, नरेंद्र राणा, प्रेम कुमार, विनीत, दिवाकर, रवि शंकर, आशीष, विवेक, मुकेश सहित कोर कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।